जानसठ में कैंटर और ट्रक की हुई जबरदस्त भिड़ंत।
- फोटो : KHATAULI
टैंकर और ट्रक की भिड़ंत, चालक की मौत
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। पानीपत खटीमा राजमार्ग पर शीरे से भरे टैंकर और ट्रक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक सहित क्लीनर घायल हो गया। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया, जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे पानीपत खटीमा राजमार्ग पर गांव ढांसरी गेट के सामने शीरे से भरे टैंकर और सामान से लदे ट्रक के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक चालक बिहार के थाना महलोनिया दतिया क्षेत्र की नितांचल कॉलोनी निवासी रमेश सा पुत्र दुलान सा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कैंटर चालक गढ़मुक्तेश्वर निवासी मोहब्बत पुत्र नन्हे सहित चालक का क्लीनर भी घायल हो गया। सड़क पर शीरा भी बिखर गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक के शव को ट्रक की बॉडी काटकर बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओवरटेक के चक्कर में टैंकर और ट्रक की टक्कर हुई।
पुलिस ने घायल चालक और हेल्पर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने घायल चालक को जिला अस्पताल रेफर किया। हादसे के बाद कई घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कैंटर और ट्रक को हटवाया, तब कहीं जाकर घंटों बाद जाम खुल सका। जाम लगने से वाहन सवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मृतक के भाई बिहार निवासी गणेश सा ने कैंटर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।