मुजफ्फरनगर के शाहपुर में आयोजित युवा पंचायत में गन्ना लहराते चौधरी जयंत चौधरी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह ने कहा कि अग्निपथ से युवा अग्निवीर नहीं अभिमन्यु बन जाएंगे। सरकार ने युवाओं को चक्रव्यूह में फंसाने का इंतजाम कर रखा है। फौज मरने के लिए नहीं, मारने के लिए बनाई जाती है। नौकरी नहीं दे रहे, यह तो ट्रेनिंग है। आर्मी का आईटीआई बना दिया है। अग्निपथ ठगी की योजना है।
कसबे के पैठ मैदान पर आयोजित युवा पंचायत में रालोद अध्यक्ष ने कहा कि योजना का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। जब तक सरकारी की गिनती पूरी नहीं होगी, तब तक विरोध करेंगे। योजना खत्म होगी या फिर सरकार बदली जाएगी। सदन में मुद्दा उठाया जाएगा। किसानों का व्यस्त समय है, हम मजबूर होकर भविष्य को बचाने के लिए पंचायत कर रहे हैं। सेना के लिए सुविधाएं बढ़ाई जानी चाहिए। अगर बजट नहीं था तो 45 हजार करोड़ रुपये का जहाज क्यों खरीदा, 20 हजार करोड़ रुपये से संसद का नया भवन तैयार क्यों कराया और इंडिया गेट क्यों उजाड़ दिया। कटौती करती है तो वाई और जेड श्रेणी सुरक्षा में करनी चाहिए। फौजियों का सम्मान होना चाहिए, सेना को सुविधा देनी होगी। फौजी की पेंशन काटते ही मनोबल गिरेगा और लड़ने की क्षमता समाप्त हो जाएगी। फौज मरने के लिए नहीं, मारने के लिए बनाई जाती है। पिछले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री ने एक वोट सेना के सम्मान के लिए मांगी थी। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। रोजगार का सवाल सबसे बड़ा है। 2018 में 55 हजार अर्द्धसैनिकों की भर्ती आज तक पूरी नहीं की।