युवक की गर्दन काट कर हत्या
मुजफ्फरनगर/शाहपुर। शहर की इंद्रा कॉलोनी से मंगलवार शाम से लापता युवक अंकित का शव शाहपुर क्षेत्र में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की छुरी से गर्दन काट कर हत्या की गई है। उसकी साइकिल के साथ ही हत्या में प्रयुक्त छुरी भी शव के ही पास पड़ी मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शाहपुर थाने की मीरापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक खेत में युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसका सिर धड़ से पूरी तरह अलग कर दिया गया था। शव के पास ही उसकी साइकिल खड़ी थी और सिर के पास हत्या में प्रयुक्त खून से सनी छुरी पड़ी थी। युवक काली टी-शर्ट व लोअर पहने हुए था। शाहपुर थाना पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास किए, तो उसकी पहचान शहर के मोहल्ला इंद्रा कॉलोनी निवासी अंकित शर्मा (27) के रूप में हुई। शव की पहचान होने पर उसके परिजन थाने पहुंचे और बताया कि अंकित मंगलवार शाम करीब सात बजे से लापता था। मोबाइल पर किसी की कॉल आने के बाद वह कुछ देर में आने की बात कहकर साइकिल लेकर घर से निकला था, लेकिन नौ बजे उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। रात भर घर न लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, कि शाहपुर क्षेत्र में उसकी लाश मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। इंद्रा कॉलोनी क्षेत्र के वार्ड सभासद मनोज शर्मा ने बताया कि अंकित सुजडू स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। उसके परिवार में पत्नी व एक साल की बेटी है। देर रात तक घटना के संबंध में परिजनों द्वारा घटना की तहरीर नहीं दी गई थी।
-