-दधेडू-सैदनंगला मार्ग पर ईट भट्ठे पर हुआ हादसा
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
चरथावल। दधेडू-सैदनंगला मार्ग स्थित एक भट्ठे पर ईंटों के नीचे दबने से मजदूर की मौत हो गई। ग्राम प्रधान एवं शिवाजी सेना के नेता जैकी राज सैनी के नेतृत्व में परिजनों ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।
अजीजपुर लुहारी निवासी श्यामलाल का पुत्र बादल (20) सैदनंगला मार्ग पर ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। वहीं उसका भाई विनय भी भट्ठे पर काम करता है। निकटवर्ती गांव होने के कारण सुबह चार-पांच बजे करीब रोजाना दोनों भट्ठे पर पहुंच जाते थे। शनिवार सुबह करीब पांच बजे मजदूर बादल भट्ठे में ईंट भराई का काम कर रहा था। अचानक 12 फीट की दीवार भरभरा कर उसके ऊपर ढह गई। मौके पर मौजूद मजदूरों ने मशक्कत करने के बाद उसे बाहर निकाला। उधर, सूचना मिलते ही दधेडू चौकी प्रभारी, ग्राम प्रधान परिजनों संग घटनास्थल पर पहुंचे। घायल को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पिता श्यामलाल और मां सोमवती का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ सदर देववृत वाजपेयी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शाम को अंतिम संस्कार कर दिया। फिलहाल परिजनों ने किसी के खिलाफ मौत के मामले में कोई तहरीर नहीं दी है।