मीरापुर। पति के पिटाई करने से पीडि़त गांव सिकंदरपुर निवासी एक महिला चार बच्चों सहित आत्महत्या के इरादे से ट्रक के सामने लेट गई। बाद में मौके पर पहुंचा पति उन्हें समझा कर घर ले गया।
क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी अफसर की दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी जाहिदा व दूसरी पत्नी बिहार निवासी खुरसिया में रविवार को विवाद हो गया। जिस कारण खरसिया के साथ अफसर ने मारपीट कर दी। इससे आहत खुरसिया अपनी बेटी आयशा (6), बेटे सुहेल (6) आलिया (4) व अरमान (1) के साथ घर से निकलकर दोपहर के समय दिल्ली पोड़ी राजमार्ग स्थित सैनी भट्ठे के पास पहुंची। आत्महत्या के इरादे से चारों बच्चों सहित सामने से आ रहे एक ट्रक के सामने सड़क पर लेट गई। चालक ने आनन-फानन में ट्रक को रोक लिया। मौके पर काफी लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। भीड़ ने समझा कर महिला व बच्चों को सड़क से उठाया। महिला को तलाश करते हुए उसका पति भी वहां पहुंच गया। काफी देर समझाने के बाद महिला और बच्चों को अपने साथ ले गया। पुलिस ने मामले की जानकारी से इनकार किया है।