चरथावल। नंगला राई गांव में सोते समय किशोर फिरोज के ऊपर छत से गिरे सांप ने कान पर डस लिया। दर्द से किशोर की आंख खुली तो सांप को देखकर शोर मचाया। परिजन सीएचसी चरथावल लेकर पहुंचे, जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर गया। लेकिन परिवार के लोग झांड-फूंक करने वाले लोगों के चक्कर काटते रहे। कईं घंटे गुजर जाने के कारण किशोर की जान चली गई। गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
ग्रामीण गय्यूर का मकान गांव के बाहरी छोर पर है। बृहस्पतिवार रात उसका 16 वर्षीय पुत्र फिरोज बिस्तर पर बच्चों के साथ सोया हुआ था। करीब तीन बजे छत से बिस्तर पर गिरे सांप ने फिरोज के कान पर डस दिया। इससे किशोर की आंख खुल गई और उसने सांप को देखकर शोर मचाया। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर सीएचसी चरथावल पहुंचे, जहां से पीड़ित को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन किशोर को लेकर इसके बाद चरथावल एवं बुड़ीना खुर्द गांव में झांड फूंक करने वाले कईं लोगों के पास पहुंंचे। कईं घंटे गुजर जाने के बाद दोबारा कस्बे के एक निजी हॉस्पिटल में पहुंचे, लेकिन किशोर की सुबह मौत हो गई। परिजनों गमगीन माहौल में उसको सुपुर्द ए खाक कर दिया। ग्राम प्रधान अफसरून ने बताया मृतक को दफना दिया गया। पीड़ित की आर्थिक स्थिति कमजोर है। वह कच्चे मकान में रहता है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सतीश कुमार का कहना है कि किशोर की हालत गंभीर थी, जिस कारण जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया गया था।