बिद्दीबाड़ा में दुकानदार से मारपीट
खतौली। बिद्दीबाड़ा नया बाजार में बृहस्पतिवार दोपहर दुकान के बाहर खड़े दुकानदार के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। शोर मचाने पर आसपास के व्यापारी पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
बिद्दीबाड़ा नया बाजार में अवनीश शर्मा की रेडीमेड गारमेंट शॉप है। बृहस्पतिवार सुबह अवनीश का छोटा भाई अमर शर्मा दुकान पर आ रहा था। उसी समय वहां पहुंचे कुछ युवकों ने अमर पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगा दिया, लेकिन मौके पर मौजूद युवती ने इससे इंकार कर दिया। इस पर आरोपी वहां से चले गए। इसके कुछ देर बाद अवनीश शर्मा अपनी दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान उक्त युवक फिर वहां पहुंचे और अवनीश के साथ मारपीट करने लगे। बीचबचाव करने पहुंचे अमर शर्मा के साथ भी मारपीट की गई। शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित अवनीश ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।