खतौली। नगर पालिका परिषद के सभागार में रैन बसेरा खोला गया है, जिसमें सभी व्यवस्थाएं पूर्ण की गई हैं। रैन बसेरे में पांच बैड डाले गए हैं, जिस पर कंबल, गद्दे और लिहाफ रखा गया है।
निराश्रित लोगों को ठंड से बचाने लिए पालिका सभागार में खोले गए रैन बसेरे में तमाम व्यवस्थाएं पूर्ण की गई हैं। जिसमें 24 घंटे कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। पानी, शौचालय का प्रबंध किया गया है। रैन बसेरे में ठहरने वाले व्यक्ति का पूरा ब्योरा दर्ज करने के लिए एक रजिस्टर रखा गया है।
इसके अलावा पालिका सभागार के सामने अलाव की व्यवस्था की गई है। नगर पालिका ईओ राजीव कुमार ने बताया कि कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए, इसके लिए सभी सफाई नायकों को निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को चार कर्मचारियों की टीम का गठन किया जाएगा। टीम सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे खुले में सोने वाले लोगों को रैन बसेरा में लेकर आएगी। तीन दिन पूर्व हरिद्वार निवासी दीपक, राहुल रैन बसेरा में एक रात के लिए ठहरे थे। दोनों व्यक्ति मंडी में किसी कार्य से आए थे।