संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। लखनऊ में आयोजित होने वाली इन्वेस्टर समिट 5.0 के लिए जनपद को पांच हजार करोड़ रुपये निवेश का लक्ष्य मिला है। जनपद के खतौली क्षेत्र के गांव गंगधाड़ी में पैलेस थीम पर होटल स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए समिट में 25 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया जा रहा है।
जिला उद्योग केंद्र के सहायक उपायुक्त आशीष कुमार ने बताया कि लखनऊ में पांचवीं इन्वेस्टर समिट का आयोजन दिसंबर माह के अंत तक होगा, जिसके लिए निवेश प्रस्ताव देने की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने बताया कि पांच हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव के लक्ष्य के सापेक्ष जनपद से लगभग 1100 करोड़ के प्रस्ताव शासन को भेजे जा चुके हैं। आशा है कि समिट आयोजित होने से पहले जनपद से करीब तीन हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किये जा चुके होंगे। उन्होंने बताया कि अलग-अलग विभागों को निवेश प्रस्ताव दिलाने का लक्ष्य दिया गया है। बताया कि जनपद से कई महत्वपूर्ण और बड़े निवेश के लिए मैमोरंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर हस्ताक्षर होंगे।
बताया कि इनमें एक बड़ा प्रस्ताव खतौली क्षेत्र के गांव गंगधाड़ी में होटल स्थापना को लेकर भी है। बताया कि होटल पैलेस थीम पर स्थापित किया जाएगा, जिसका बजट करीब 25 करोड़ का होगा। उन्होंने बताया कि होटल स्थापना से सैंकड़ों लोगों को रोजगार भी मिलेगा।ी