-पुलिस ने दो आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। भोपा रोड पर भूसा व्यापारी से 11 लाख रुपये लूटने के मामले में आरोपियों को अभी तक पुलिस पकड़ नहीं पाई, जबकि घटना को एक पखवाड़ा बीत चुका है। पुलिस की तीन टीम बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। दो आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भोपा रोड स्थित न्यू बिंदल पेपर मिल के सामने 18 अप्रैल की सुबह भूसा कारोबारी यूसुफपुर निवासी उज्ज्वल से बुलेट सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने 11 लाख लूट थे। पुलिस की तीन टीम बदमाशों की तलाश में लगी हैं।
जांच में सामने आया था कि बदमाशों ने जिस बुलेट पर सवार होकर लूट की थी, वह एक महीने पहले मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र से लूटी थी। सीसीटीवी से बदमाशों की पहचान मेरठ के दौराला निवासी अरविंद, रवि व सन्नी के रूप में हुई थी। अरविंद दौराला थाने का हिस्ट्रीशीटर है। बदमाशों की पहचान होने पर 24 अप्रैल को अरविंद व रवि पर 50-50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
बताया गया कि नई मंडी कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात में बागपत के एक गांव में दबिश दी थी। अरविंद पुलिस की भनक पाकर भाग गया था। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।