संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। रात के समय 12 यात्रियों को भंगेला कट बाईपास पर उतारने के मामले में मनमानी करने वाले चालक और परिचालक पर एक-एक हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। दोनों से स्पष्टीकरण लिया गया। दोनों को वापस ड्यूटी मिल गई है लेकिन भविष्य के लिए चेतावनी जारी कर दी गई।
नौ अक्तूबर की रात मेरठ से खतौली लौट रहे 12 यात्रियों को रोडवेज बस के चालक अनिल और परिचालक हरेंद्र ने बाईपास पर उतार दिया था। यात्रियों ने खतौली डिपो के एआएम से बात कराई लेकिन दोनों ने मनमानी करते हुए यात्रियों को रात के समय बाईपास पर उतारा और गंतव्य के लिए चले गए थे।
दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि चालक और परिचालक ने अपना लिखित स्पष्टीकरण केंद्रीय प्रभारी के माध्यम से कार्यालय में भेजा गया, जो संतोषजनक नहीं पाया गया।
इस मामले में दोषी पाए जाने पर मामले की गंभीरता के दृष्टिगत नम्रता का रुख रखते हुए एक-एक हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाते हुए कठोर चेतावनी देते हुए भविष्य में पुनरावृत्ति होती है तो कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। रात के समय बसों को नगर से होकर गुजारने के आदेश दिए गए हैं।