संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी। गत दिवस बुधवार सवेरे गंग नहर पटरी पर युवकों के दो गुटों में हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने सात लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमले व बलवे की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया गया।
बुधवार सवेरे शुक्रतीर्थ मेले से वापस लौट रहे उत्तराखंड की कोतवाली मंगलौर के गांव मोहम्मदपुर जट व गांव बुढ़पुर जट के युवकों में ट्रैक्टर-ट्राॅली आगे निकालते हुए साइड लग जाने पर भोपा थाने के गांव निरगाजनी के पास मारपीट हो गई थी। पुरकाजी थाने के गांव कमहेड़ा गंग नहर पुल के पास फिर झगड़ा हुआ। गांव बुढ़पुर जट के युवकों ने मोहम्मदपुर जट के युवकों पर हमला कर फायरिंग कर दी थी।
इसमें गांव मोहम्मदपुर निवासी विजय व दीपांशु और आर्यन गोली लगने व उदित धारदार हथियार लगने से घायल हो गए थे। इस मामले में घायल विजय के पिता देवराज की तहरीर पर गांव बुढ़पुर निवासी शिवम, कनिष्क, हर्षित, तुषार, राहुल, हैप्पी व विकास के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर किया गया। पुलिस ने हर्षित व राहुल और विकास को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचे, कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने उनका चालान कर दिया है।