मीरापुर। मीरापुर-जानसठ के बीच रोडवेज बस की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथी को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आक्रोशित भीड़ ने बस परिचालक विनोद निवासी ऊन की धुनाई कर दी, जबकि चालक ऋषिपाल निवासी कैल शिकारपुर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
मुजफ्फरनगर डिपो की रोडवेज बस बुधवार दोपहर मुरादाबाद से आ रही थी, जब बस मुझेड़ा सादात में पहुंची, तभी एक बाइक की टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार अरशद पुत्र बुंदू निवासी हाजीपुरा, सरवट मुजफ्फरनगर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार डॉ. सलीम पुत्र सगीर निवासी तिस्सा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने परिचालक की धुनाई कर दी। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिचालक को बचाते हुए ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर ने किसी तरह से ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया है।