शामली। शासन ने दीपावली पर जिले के 102 दंगा पीड़ितों को तोहफा दिया है। शासन ने पीड़ितों के लिए मुआवजा की धनराशि पांच करोड़ आठ लाख रुपये मंजूर कर दी है।
जिले में लांक-लिसाढ़, बहावड़ी, सिंभालका व भाज्जू के 102 दंगा पीड़ित ग्रामीणाें ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुआवजा मांगा था। इस संबंध में दंगा पीड़ितों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर शासन से समस्या के निराकरण की मांग की थी। इस मामले में दंगा पीड़िताें के प्रार्थनापत्राें पर कलक्ट्रेट में एडीएम भरत पांडे, एसडीएम सदर, एसडीएम कैराना ने दंगा पीड़िताें के प्रार्थनापत्रों पर उन्हें तलब करके साक्ष्य के आधार जांच की। जांच के बाद डीएम नागेंद्र प्रसाद सिंह ने इस मामले में शासन को रिपोर्ट भेजकर 102 दंगा पीड़ितों को मुआवजा दिलाने के लिए सिफारिश की थी। डीएम की सिफारिश के बाद शासन ने 102 दंगा पीड़ितों के लिए 5.8 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी है। डीएम ने बताया कि लांक, लिसाढ़, बहावड़ी के 81 और सिंभालका, भाज्जू और चूनसा गांव के दंगा पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा।