कैराना। कसबे के मोहल्ला आंलकलां में कई घरों में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ महिलाएं सड़क पर उतर आईं। उन्होंने कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली पर जमकर हंगामा किया। महिलाओं का कहना था कि शराबियों के आतंक के चलते महिलाओं का घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है।
रविवार को मोहल्ला आंलकलां की दर्जनों महिलाएं कोतवाली पहुंची और मोहल्ले में कई जगह अवैध शराब बिकने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि मोहल्ले में शराबियों का आना-जाना लगा रहता हैं। नशे में धुत होकर शराबी महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़खानी और अभद्रता करते हैं। विरोध करने पर मारपीट की जाती है, जिस कारण उनका घर से निकलना भी दूभर हो गया है।
महिलाओं ने किला गेट पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों पर भी शराब माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। हंगामे के तुरंत बाद कोतवाली पर बैठे एएसपी वीके मिश्रा के निर्देश पर पुलिस बल मोहल्ले में पहुंचा और कई संदिग्ध घरों की तलाशी ली। महिलाओं ने कई लोगों पर अवैध शराब बेचने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को नामजद तहरीर भी दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरके शर्मा का कहना है कि शीघ्र ही शराब माफियाओं को चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाएगा।