मंसूरपुर। बेगराजपुर गांव के जंगल से होकर जा रही काली नदी में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने लाश कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है।
बेगराजपुर के ग्रामीणों ने गुरुवार दुपहर को काली नदी में एक व्यक्ति की लाश पड़ी देखी, जो पीछे से बह कर आई थी और यहां आकर फंस गई। लाश मिलने की खबर से मौके पर ग्रामीणाें की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर मंसूरपुर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लाश को बाहर निकलवा कर कब्जे में ले लिया। उसकी उम्र करीब 50 साल है, जो काली रंग की बनियान पहने है। उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। लाश कई दिन पुरानी होने के कारण गल सड़ चुकी थी। जिस कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। माना जा रहा है कि उसकी हत्या करके शव काली नदी में फेंका गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।