मुजफ्फरनगर, 08 सितंबर। पंचायत से लौट रहे लोगों को घेर-घेरकर मारा गया था। पुरबालियान की हिंसक झड़प में मौत को नजदीक से देखने वाले बिजेंद्र ने मीडिया के सामने बयां किया, तो उसका गला भर आया।
शाहपुर थाना क्षेत्र के काकड़ा के 22 ग्रामीणों से भरी एक ट्रॉली को शनिवार देर शाम मंसूरपुर थाना क्षेत्र के पुरबालियान में एक समुदाय के लोगों ने चारों तरफ से घेर लिया। मकानों की छतों पर पहले से ही महिला और बच्चे ईंट, रोड़े और पत्थर लिए तैयार खड़े थे। कुछ लोगों ने लाठी-डंडों के बल पर ट्रैक्टर को रुकवाया और ग्रामीणों को नीचे उतारकर पीटना शुरू कर दिया। इशारा मिलते ही महिला और बच्चों ने छतों से पथराव शुरू कर दिया। किसी को भी ट्रॉली से उतरकर भागने का मौका नहीं दिया गया, जिसने भी नीचे उतरने का प्रयास किया, दर्जनों लोग उस पर टूट पड़े। 60 वर्षीय राजू की इसी हिंसक घटना में मौत हो गई, जबकि बाकी सभी 21 लोग घायल हो गए। कल्लू और महेंद्र को नाजुक स्थिति में मेरठ भेज दिया गया। मौत के मुंह से बचकर आए 45 वर्षीय बिजेंद्र की जिला अस्पताल में मीडिया के सामने यह सब बताते हुए आवाज भर्रा उठी। उसका कहना है कि उसने मौत को करीब से देखा है। कोई सुनने को तैयार नहीं था। सब हिंसक बने थे।