शामली लिसाढ़ में हुई पंचायत में शामिल लोगों को पुलिस ने कैमरे में कैद किया। पुलिस प्रशासन ने लिसाढ़ जाने वाले रास्तों के अलावा पंचायत स्थल पर भारी फोर्स और सीआरपीएफ के जवान तैनात किए थे।
दरअसल मुजफ्फरनगर के कवाल कांड को लेकर नंगला भदौड़ में हुई पंचायत में आगजनी-हिंसा को देखते लिसाढ़ पंचायत को लेकर पुलिस प्रशासन के पहले से ही पसीने छूटे हुए थे। प्रशासन को चिंता थी कि इस पंचायत में आने वाली भीड़ कहीं उपद्रव न कर दे इसलिए पुलिस प्रशासन ने पंचायत स्थल के अलावा शामली और बुढ़ाना की ओर से गांव में आने वाले रास्ते में जगह जगह पुलिस और पीएसी तैनात की हुई थी। यहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति की वीडियोग्राफी कराई जा रही थी ताकि बवाल होने पर लोगों की पहचान की जा सके। इसके अलावा पंचायत खत्म होने के बाद गुजर रही भीड़ रास्ते में उप्रदव न करे इसलिए भी यह इंतजाम किए गए थे।
पंचायत स्थल पर पीएसी के अलावा केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान भी तैनात किए गए थे पूरे पंचायत क्षेत्र को चाराें तरफ से सुरक्षा के लिहाज से घेराबंदी की गई थी। एसडीएम शामली खुद पंचायत स्थल के बाहर मौजूद थे। पंचायत स्थल पर भी सादी वर्दी में तैनात पुलिस कर्मी पंचायत को कैमरे में कैद कर रहे थे। पंचायत स्थल पर शामली और मुजफ्फरनगर के एलआईयू और इंजीलीजेंस ब्यूरो के लोग भी निगाह रखे थे।
उम्मीद से ज्यादा लोग पहुंचे
शामली। इस पंचायत को लेकर आयोजकों ने जितनी उम्मीद की थी उससे कहीं ज्यादा लोग पहुंचे। आयोजकों ने इंटर कालेज के मैदान में जो पंडाल लगवाया था उस पंडाल में एक चौथाई लोग भी नहीं आए ओर लोग कालेज की दीवारों पर बैठे थे। गठवाला खाप चौधरी बाबा हरीकिशन मलिक की ओर से उनके पुत्र राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस पंचायत में आई भीड़ यह साबित करती है कि लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ कितना आक्रोश है एक पक्षीय कार्रवाई होने पर लोग एकजुट हो जाते हैं।
भाकियू भानू गुट भी छाया
शामली। इस पंचायत को लेकर भाकियू भानू गुट भी पिछले कई दिनों से लगा था। भाकियू भानू गुट के राष्ट्रीय महासचिव अनिल चौधरी की टीम कई दिनों से जनसंपर्क कर रही थी इस पंचायत में जुटी भीड़ के लिए भानू गुट भी अपनी पीठ थपथपा रहा है।
सर्वखाप स्वरूप समिति ने मुकदमों का विरोध किया
शामली। सर्वखाप स्वरूप समिति के संयोजक ओमप्रकाश मलिक ने कहा कि कवाल कांड में पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक और उमेश मलिक के खिलाफ दर्ज केस का पुरजोर विरोध किया जाएगा। इस संबंध में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत पुलिस अधिकारियों को पत्र भी भेजा जाएगा।
युवाओं ने खूब लगाए नारे
शामली। पंचायत में कई बार हो-हल्ला हुआ। युवकों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ खूब आक्रोश दिखा। पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी युवाओं ने खूब नारेबाजी की।
अनुमति ली गई थी : एसडीएम
शामली। एसडीएम शामली ने बताया कि इस आयोजन के लिए आयोजकों द्वारा अनुमति ली गई थी। तमाम प्रकियाएं पूरी करने के बाद ही प्रशासन ने इसकी अनुमति दी थी।