मुजफ्फरनगर। सूबे से चुन-चुनकर भेजे गए पुराने अधिकारियाें को हालात में सुधार लाने के लिए लगाया गया है। भाजपा के जिला बंद के दौरान बाहरी जिलाें से बड़ी तादाद में सीओ से लेकर एएसपी रैंक के अफसर लगाए गए थे, जो यहां पहले तैनात रहे हैं। इन सभी को फिलहाल सात सितंबर तक रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कवाल के बवाल को लेकर जनपद में पैदा हुए तनातनी के माहौल को दूर करने के लिए शासन ने पूरी ताकत झाेंक रखी है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच आनन-फानन में नए अधिकारियों की टीम भेजी गई है। एडीजी कानून व्यवस्था अरुण कुमार ने खुद यहां स्थिति का जायजा लिया। एडीजी रेलवे मुकुल गोयल, डीआईजी रघुबीर लाल यहां पहले से कैंप किए गए हैं। गुरुवार को खुद आईजी कानून व्यवस्था राजकुमार विश्वकर्मा यहां आकर स्थिति पर नजर रखे रहे। भाजपा बंद के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदेश में तमाम जिलाें में तैनात पुराने अधिकारियों को यहां भेजा गया था, ताकि उनके सहारे माहौल को बदला जा सके। करीब दो साल तक जिले में रहे एएसपी आलोक प्रियदर्शी को मुरादाबाद, सीओ मुकेश मिश्रा को बदायूं, गाजियाबाद के सीओ टू किशन सिंह तालान, पीएसी में तैनात सीओ बसंत लाल के अलावा एक दर्जन अन्य अधिकारी यहां भेजे गए हैं। इनमें से कई अधिकारी ऐसे हैं, जो यहां के रहने वाले हैं। इंस्पेक्टर और दरोगाओं को भी बड़ी संख्या में तैनाती दी गई है। इन अधिकारियाें ने अपने पुराने संबंधाें के आधार पर दोनों समुदाय के लोगों की नब्ज टटोलने का काम किया गया। यही नहीं उनके पुराने अनुभव भी लिए गए। सूत्राें के अनुसार इन सभी को सात सितंबर तक रहने के निर्देश दिए गए हैं, क्याेंकि इस दिन पंचायत की घोषणा कर रखी है।