मुजफ्फरनगर। प्रेमिका ने शादी से इंकार किया तो प्रेमी ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद प्रेमी खुद ही तमंचा लेकर कोतवाली पहुंच गया। आरोपी का कहना है कि प्रेमिका से उसका कई साल पुराना रिश्ता था।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के पचेंडा कलां की मोनिका शहर के एक कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बृहस्पतिवार को वह अन्य लड़कियाें के साथ घास काटने के लिए जंगल गई थी। इसी दौरान साइकिल से वहां आए अमरदीप से मोनिका की कहासुनी हो गई। गरमा-गरमी में अमरदीप ने तमंचे से मोनिका को गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी खुद ही नई मंडी कोतवाली पहुंच गया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी का कहना था कि उसका कई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थी। मृतका के पिता मुनेश ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि पिता का कहना है कि उन्हें प्रेम संबंधाें के बारे में कुछ नहीं पता था। बेटी की हत्या से पूरा परिवार गमजदा है।