मुजफ्फरनगर। बदमाशों ने कोतवाली इलाके में एक के बाद एक वारदाताें को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। बदमाशों ने पहले एक हॉस्पिटल को निशाना बनाया फिर दक्षिणी कृष्णापुरी में तीन घरों पर कहर बरपाया। इसके अलावा रोहाना में चार बदमाशों ने एक चालक से छोटा हाथी लूटने का प्रयास किया।
घटना एक :
शामली रोड पर चरथावल बस स्टैंड के सामने गली में स्थित हिमालयन हॉस्पिटल के मालिक डॉ. वीरेंद्र सिंह गौतम का बेटा रुपेश बीएएमएस कर रहा है। रुपेश परिवार के साथ हॉस्पिटल के दूसरे माले पर रहता है। आरोप है कि बदमाश यहां से 8100 कैश और सोने-चांदी के जेवरात समेट ले गए।
घटना दो :
दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी इकरार के परिवार में पत्नी और बच्चों समेत कुल 13 लोग हैं। परिवार नए मकान में रहता है, जिसमें अभी कार्य भी चल रहा है। आरोप है कि बदमाश यहां से 10 हजार कैश, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान ले उड़े। इकरार की बीवी ने बताया कि बदमाशों ने घर के सारे बल्ब भी फोड़ दिए थे।
घटना तीन :
दक्षिणी कृष्णापुरी में ही इकरार के मकान से पहले वाली गली में मुमताज परिवार सहित रहता है। मोहर्रम के चलते उसके घर पर ननौता निवासी साढू मोहम्मद जिया, साली नवाब ज़हरा भी आई हुई थी। यह लोग परिवार के अन्य सदस्य सुरैय्या बेगम, उजमा और दरक्षा के साथ कमरे में सोए हुए थे, जबकि उसका भाई मजहर अब्बास दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सो रहा था। शुक्रवार सुबह 6.15 मिनट पर मुमताज नमाज अदा करने के लिए मस्जिद गया था। जाते समय वह घर का दरवाजा बाहर से बंद कर ताला लगा गया था। बदमाश किसी समय ताला तोड़कर मकान में दाखिल हुए और यहां से सोने का सेट, दो कंगन, दो अंगूठी, एक जोड़ी सोने के कुंडल, गैस सिलेंडर, डीवीडी प्लेयर और चार मोबाइल लेकर फरार हो गए।
घटना चार :
देवबंद थाना क्षेत्र के लैसवाड़ा निवासी मुर्सलीन छोटा हाथी लेकर गुरुवार रात मुजफ्फरनगर आ रहा था। रोहाना के पास चार बदमाशों ने हथियारों के बल पर छोटा हाथी लूटने का प्रयास किया। विरोध पर बदमाशों ने उसको मारपीट कर घायल भी कर दिया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। किसी तरह वह उनके चंगुल से छूटकर भाग निकला और कोतवाली पहुंचकर सूचना दी। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना पांच :
दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी हसन अब्बास परिवार समेत मकान के ऊपरी हिस्से में रहता है, जबकि पिता जब्बार हुसैन छोटे भाई कमर अब्बास और मां के साथ प्रथम तल पर बने कमरे में रहते हैं। मोहर्रम के चलते पूरा परिवार गुरुवार को पैतृक गांव फलावदा के गगसोना में गया था। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों की सूचना पर घर पहुंचे परिजनों ने देखा तो दंग रह गए। बदमाश 50 हजार कैश, 10 तोले सोने के जेवर, डेढ़ किलो चांदी चुरा ले गए। हसन अब्बास ने बताया कि अगले महीने उसके भाई की शादी थी, जिसकी तैयारी की जा रही थी।
घटना छह
गऊशाला रोड पर मां भगवती का मंदिर है। मंदिर में भगवानदास पुजारी है। शुक्रवार सुबह किसी समय बदमाश मंदिर में दाखिल हुए और मां भगवती का मुकुट, चांदी के छत्र और अन्य सामान चुरा ले गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो तमाम सामान मंदिर के पीछे पड़ा हुआ मिल गया। इस संबंध में भूषण लाल शर्मा और रतन वर्मा ने पुलिस से शिकायत की है।
‘बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर क्षेत्र में रात पुलिस गस्त बढ़ा दी गई है। जितनी भी घटनाएं हुई हैं, उनका जल्द ही खुलासा किया जाएगा।’
संजीव कुमार वाजपेयी, सीओ सिटी