चरथावल। हैबतपुर क्रेशर पर भुगतान करने आ रहे मालिक से गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने डेढ़ लाख रुपए और मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने मालिक और उसके साथी के साथ मारपीट भी की।
रविंद्र सिंघल का हैबतपुर में क्रेशर संचालित है। इस समय वे मुजफ्फरनगर में गौशाला मार्ग पर रहते हैं। वह रोजाना किसानों के गन्ना भुगतान के लिए मुजफ्फरनगर से नगदी लेकर जाते हैं। गुरुवार सुबह करीब पौने नौ बजे डेढ़ लाख रुपए लेकर मुजफ्फरनगर से बस में सवार होकर हैबतपुर भट्ठे पर उतरेे। वहां से वह क्रेशर मिस्त्री के साथ स्कूटर पर सवार होकर चल दिए। जब वे गांव के पीर के पास पहुंचे तो दो बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें हथियारों के बल पर रोक लिया और रविंद्र से रुपए से भरा बैग मांगने लगे। जब उसने मना किया तो बदमाशों ने दोनों के साथ मारपीट कर नगदी और मोबाइल लूट लिए। इसके बाद उन्हें धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एसओ चरण सिंह यादव ने पीड़ित से जानकारी ली। पीड़ित ने पहले लूट की रकम पांच लाख बताई, लेकिन बाद में डेढ़ लाख रुपए की तहरीर दी गई। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया।
बेखौफ हुए बाइकर्स गैंग
बाइकर्स गैंग निरंतर लूटपाट की घटना को अंजाम दे रहे हैं। व्यापारी नेता आशीष गर्ग का कहना है कि आए दिन दधेेडू् कलां तथा हैबतपुर के बीच बदमाश लूटपाट कर रहें है, लेकिन पुलिस बदमाशों को पकड़ने में सफल नहीं हो पा रही है।