खतौली में लूट का शिकार फाइनेंस कर्मचारी से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : KHATAULI
फाइनेंस कर्मचारी से 98 हजार रुपये की लूट
खतौली। शुक्रवार सुबह बाइक सवार फाइनेंस कर्मचारी से बदमाशों ने 98 हजार रुपये लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और पीड़ित से जानकारी ली।
नगर में स्थित भारत फाइनेंस कंपनी में सहारनपुर के गांव तैलीपुरा रामपुर हाल निवासी ईदगाह रोड वाली गली खतौली नकुल नौकरी करता है। नकुल प्रतिदिन बाजार से रुपये का कलेक्शन करता है। शुक्रवार को भी वह दादरी से कलेक्शन कर बाइक द्वारा खतौली कंपनी के कार्यालय में आ रहा था। जब वह भंगेला पुलिस चौकी से आगे भंगेला कट के समीप पहुंचा, आरोप है कि तभी पहले से ही घात लगाए बैठे दो स्कूटी सवार बदमाशों ने उसकी बाइक को धक्का दे दिया। जिस कारण नकुल बाइक से नीचे गिर गया। इसी बीच बदमाश उसका नगदी का थैला लेकर फरार हो गए।
पीड़ित ने लूट की सूचना पुलिस को दी। लूट की सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेने के बाद बदमाशों की तलाश कराई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। एसपी सिटी सतपाल अंतिल भी क्राइम ब्रांच टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी सिटी ने पीड़ित से मामले की जानकारी ली। पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया कि उसके थैले में 98 हजार रुपये की नगदी थी। इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर आ गई है। बताए गए हुलिए के अनुसार बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।