गंगनहर पटरी मार्ग पर महिला से 96 हजार लूटे
भोपा (मुजफ्फरनगर)। गंगनहर पटरी मार्ग पर फाइनेंस कंपनी की महिला कर्मचारी से बाइक सवार दो लुटेरों ने 96 हजार रुपये लूट लिए। पीड़िता ने घटना की तहरीर नहीं दी है, जिसके चलते पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव गड़वाड़ा निवासी बबीता गांव की महिलाओं को एक फाइनेंस कंपनी के माध्यम से रकम दिलाने के बाद उनसे किस्त इकट्ठा करती है। महिला का कहना है कि सोमवार को उसने महिलाओं से 96 हजार रुपये इकट्ठा किए थे, जिन्हें लेकर वह स्कूटी से पुरकाजी जा रही थी। गंगनहर पटरी मार्ग पर सीकरी चौकी से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बाइक सवार लुटेरों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि लुटेरों ने महिला की स्कूटी की चाबी निकालते हुए उसकी डिग्गी खोलकर उसमें रखे 96 हजार रुपये लूट लिए और धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता की सूचना पर इंस्पेक्टर एमएस गिल व सीकरी चौकी प्रभारी एसआई संजय राणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़िता से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने लुटेरों की तलाश में आसपास स्थित पेट्रोल पंप व अन्य प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इंस्पेक्टर एमएस गिल का कहना है कि पीड़िता ने किसी तरह की तहरीर नहीं दी है।