मिशन इंद्रधनुष में 94.62 प्रतिशत लक्ष्य पूरा
मुजफ्फरनगर। सघन मिशन इंद्रधनुष 4-0 अभियान के तहत टीकाकरण अंतिम दौर में पहुंच चुका है। अभियान के तहत किन्हीं कारणों से नियमित टीकाकरण से छूटे दो वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती का टीकाकरण किया जा रहा है। जनपद में लक्ष्य का 94.62 प्रतिशत टीकाकरण हो गया है।
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने कहा कि बीमारियों से बचाव के लिए गर्भवती व बच्चों का टीकाकरण बहुत जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग के निशुल्क टीकाकरण अभियान का लाभ उठाएं। अभियान के तीसरे चरण में लक्ष्य के सापेक्ष 94.62 प्रतिशत टीकाकरण पूरा कर लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग दो वर्ष तक के सभी बच्चों को बीसीजी, पोलियो, रोटा वायरस, पेंटावेलेंट समेत पांच बीमारियों से लड़ने वाला टीका लगा रहा है, जिसमें डिप्थीरिया, गला घोंटू, काली खांसी, टिटनेस, हेपेटाइटिस शामिल हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. शरण सिंह ने बताया कि सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान के अंतर्गत 1246 सत्र आयोजित किए गए हैं। इन सत्रों में 7756 बच्चों तथा 2826 गर्भवती का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक 1197 सत्रों में 9245 बच्चों तथा 3125 गर्भवती का टीकाकरण किया जा चुका है। मिशन इंद्रधनुष के तहत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष जिले में कुल 94.62 प्रतिशत टीकाकरण पूरा हो चुका है।