मोरना पीएचसी ने जीता कायाकल्प अवार्ड
मोरना। केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे प्रदेश स्तरीय प्रांतीय चेकिंग अभियान के अंतर्गत गत मार्च माह में किए गए सर्वे में मोरना पीएचसी ने बुढ़ाना व पुरकाजी को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। पीएचसी मोरना ने पूरे जिले में हुए सर्वे में सबसे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
केंद्र सरकार द्वारा अस्पतालों के उद्धार के लिए चलाई जा रही कायाकल्प योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के 550 पीएचसी शामिल हुए थे, जिनमें कुल 65 पीएचसी ही पास हो पाई हैं। मोरना चिकित्सा प्रभारी डॉ. अर्जुन सिंह ने बताया कि 26 मार्च को केंद्र सरकार द्वारा संचालित कायाकल्प योजना के अंतर्गत प्रदेश स्तरीय प्रांतीय चेकिंग अभियान चलाया गया था, जिसमें प्रदेश स्तरीय जांच टीम ने पूरे जिले की सभी पीएचसी का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान ओपीडी, आईपीडी, लैब, प्रसव कक्ष आदि की साफ सफाई, मरीजों की देखभाल, सपोर्ट सर्विस जैसे पानी की व्यवस्था, टॉयलेट, अस्पताल में इंफेक्शन की रोकथाम, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमैंट सहित सात मानक तय किए गए थे। जांच टीम ने पीचएसी बुढ़ाना, बघरा, पुरकाजी व मोरना को चयनित किया था। इसके उपरांत पीएचसी मोरना को 72 प्रतिशत अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त हुआ है, जिसके अंतर्गत दो लाख रुपये नगद व प्रशस्ति पत्र पुरस्कार के रुप में निर्धारित की गई है। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की इस उपलब्धि पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. वीरपाल निर्वाल, अमित राठी, शहजाद प्रधान, अनुज पहलवान सहित समस्त क्षेत्रवासियों ने अरविंद कुमार, महिला चिकित्सा प्रभारी डॉ. निशा, विजय शर्मा, डीएन पांडेय, मिर्जा गुलजार बेग, अजय सक्सेना, नरेन्द्र कुमार आदि सहित समस्त स्टाफ को बधाई दी है।