युवक की मौत पर बरपा हंगामा
पुरकाजी। पुरकाजी बाईपास पर अनियंत्रित हुई एक कार ने स्कूटर और बाइक में जबर्दस्त टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुुए हैं। घायलों के उपचार में देरी को लेकर परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया।
मुुजफ्फरनगर के इंदिरा कॉलोनी निवासी मोहन व उसका पुत्र कार्तिक स्कूटर से रुड़की के गांव मोहनपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पुरकाजी बाईपास पर पीछे से आ रही एक इको स्पोर्ट्स कार ने स्कूटर में टक्कर मार दी। अनियंत्रित हुई कार डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी ओर जा पहुंची। वहां एक दुकान के बाहर कुछ सामान उतार रहे पुरकाजी के कस्साबान मोहल्ले के सोनू और शाहनवाज को भी चपेट में ले लिया। इस दौरान मोनू नामक एक युवक भी कार की चपेट में आ गया। दुर्घटना में घायलों को पुरकाजी के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां मुकेश (45) को मृत घोषित कर दिया। कार्तिक को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। सूचना पर मृतक व घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने उपचार में देरी करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
ट्रैक्टर से कुचलकर ग्रामीण की मौत
तितावी। ट्रैक्टर स्टार्ट करने का प्रयास कर रहे एक ग्रामीण की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। ग्राम लखान निवासी 35 वर्षीय वीर कुमार पुत्र बलदेवा ट्रैक्टर लेकर गांव से बाहर जा रहा था। रास्ते में उसका ट्रैक्टर बंद हो गया। वह नीचे उतरकर उसे स्टार्ट करने का प्रयास करने लगा। अचानक ट्रैक्टर स्टार्ट हो गया तथा गियर लगा होने के कारण चल दिया। ट्रैक्टर ने पहिए के आगे खड़े वीर कुमार को कुचल दिया। वीर कुमार को तितावी के एक निजी चिकित्सक के पास लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।