मोरना। मां बगुलामुखी पीताम्बराधाम में वार्षिक जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा निकाली। श्रद्धालुओं ने आस्था भाव से नगर की परिक्रमा कर कलश यात्रा में भाग लिया।
तीर्थनगरी शुकतीर्थ फिरोजपुर नीलकंठ धाम मार्ग पर स्थित पीताम्बराधाम आश्रम में बड़े धूमधाम से मां बगुलामुखी की जयंती मनाई जा रही है। रविवार को कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी अयोध्या प्रसाद के सान्निध्य में पूजा अर्चना कर किया गया। पुजारी आदित्य व युवराज आचार्य ने आयोजित हवन कुंडी में कार्यक्रम के मुख्य यज्ञमान विनोद शर्मा, प्रदीप, योगेश शर्मा आदि सहित श्रद्धालुओं से वैदिक मंत्रोचारण के बीच आहुति दिलाकर पूजा अर्चना संपन्न कराई। इसके बाद आश्रम के प्रांगण से कलश यात्रा आरंभ होकर दुर्गाधाम, शिवधाम होते हुए गंगाघाट पहुंची। इसके बाद मुख्य गंगाघाट मार्ग से होते हुए रविदास आश्रम, महेश्वर आश्रम से होते हुए आश्रम में आकर समाप्त हुई। इस मौके पर साध्वी कमलेश, स्वामी माधवदास महाराज, वेदप्रकाश, विरेंद्र आदि ने आयोजित भंडारे के प्रसाद का वितरण कर पुण्य अर्जित किया।