जानसठ। गांव मेहलकी में टिकौला शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर घटतौली मिलने पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस और मिल के गन्ना प्रबंधक ने मौके पर पहुंच कर किसानों को संतुष्ट कर तौल शुरू कराई।
गांव मेहलकी में टिकौला शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र है। एक किसान गांव में ही बने धर्मकांटे पर बुग्गी तुलवा कर ले गया। इसके बाद मिल के कांटे पर गन्ने की बुग्गी तुलवाई तो 75 किलो कम निकली। किसानों ने कांटे में गड़बड़ी बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस व टिकौला मिल के गन्ना प्रबंधक मनोज सिरोही मौके पर पहुंचे। गन्ना प्रबंधक ने किसानों को समझा बुझाकर शांत किया। कांटे पर बुग्गी को तुलवा कर देखा। तौल कराकर किसानों को संतुष्ट किया। इसके बाद ही तौल शुरू हो सकी। इस दौरान खतौली मीरापुर मार्ग पर एक किलोमीटर तक बुग्गियों की लंबी लाइन लग गई थी। हंगामा करने वालों में नरेश पाल, बिट्टू, मनोज कुमार, प्रवीण, मुकेश, बृजेश, प्रताप, मिंटू, मामचंद, वीर सिंह, वीरपाल, वीरेंद्र आदि किसान शामिल रहे।