युवती को नशीली चाय पिलाकर किया दुष्कर्म
मुजफ्फरनगर। हरियाणा के पानीपत जनपद के एक क्षेत्र निवासी युवती ने एक परिचित पर कपड़े खरीदने के बहाने मुजफ्फरनगर लाने के बाद यहां से ले जाते समय नशीली चाय पिलाकर एक होटल में दुष्कर्म करने और मोबाइल से अश्लील क्लिप बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। सीओ सिटी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा प्रांत के पानीपत जनपद के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि अक्तूबर 2017 में उसका परिचित यशपाल सिंह ने उसे फोन कर मुजफ्फरनगर में कपड़े खरीदवाने के लिए बुलाया था। कपड़े खरीदकर हरियाणा लौटते समय आरोपी ने युवती को नशीली चाय पिला दी। इसके बाद आरोपी ने युवती को एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करते हुए उसकी अश्लील क्लिप भी बना ली। आरोप है कि क्लिप बनाने के बाद आरोपी द्वारा एक साल तक युवती को ब्लैकमेल किया जाता रहा। आखिरकार तंग आकर पीड़िता ने डीआईजी सहारनपुर से मामले की शिकायत की, जिनके निर्देश पर सीओ सिटी हरीश सिंह भदौरिया ने शहर कोतवाली पुलिस को मामले में कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।