अलंकरण समारोह में मेधावी सम्मानित
मुजफ्फरनगर। दिल्ली पब्लिक स्कूल में रविवार को आयोजित अलंकरण समारोह व स्कॉलर्स-डे के अवसर पर प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। 95 बच्चों को इम्प्रूवमेंट इन ग्रेड्स और 44 बच्चों को स्कॉलर्स बैज दिए गए। वहीं, चार विद्यार्थियों को गाउन होल्डर घोषित किया गया।
जानसठ रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना व दीप प्रज्वलन के पश्चात मुख्य अतिथि सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी रणवीर सिंह को तिलक कर किया गया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा कक्षा-एक से दस तक के 95 बच्चों को इम्प्रूवमेंट इन ग्रेड्स और 44 बच्चों को स्कॉलर बैज प्रदान किए गए। लगातार तीन वर्ष से शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार छात्र-छात्राओं रोहन, सृष्टि, प्रतिष्ठा व मधुलिका को गाउन होल्डर घोषित किया गया। कुल 73 छात्र-छात्राओं को दुपट्टा व बिल्ले प्रदान किए गए। तत्पश्चात मुख्य अतिथि रणवीर सिंह ने बच्चों से मोबाइल फोन से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हम जितना इससे दूर रहेंगे, उतना ही अपने लक्ष्य के पास पहुंचेंगे। उन्होंने बच्चों को बधाई देते हुए हिम्मत से आगे बढ़ने व परिश्रम से न घबराने के लिए प्रोत्साहित किया। मैनेजिंग कमेटी के अध्यक्ष रंजन मित्तल व प्रधानाचार्या अनीता दत्ता ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।