मोरना। संभावित अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्वक अदा की गई। जिसमें अकीदतमंदों ने देश दुुनिया में अमन शांति के लिए दुआ मांगी। जुमे की नमाज के दौरान नमाजियों की भारी भीड़ मस्जिदों में उपस्थित रही। कस्बा भोकरहेड़ी, मोरना, तेवड़ा, ककराला, पटौली, रुडक़ली, किशनपुर, खेड़ी फिरोजाबाद, जटवाड़ा, सीकरी, भोपा, जौली, तिस्सा, बेहड़ा सादात, चौरावाला, ककरौली, टंढ़ेड़ा आदि गांवों में जुमे की नमाज में भारी संख्या में अकीदतमंदों ने भाग लिया। मोरना की जामा मस्जिद में मौलाना मुमताज, भोकरहेड़ी में मौलाना मोइनुददीन आदि ने कहा कि पवित्र रमजान का आखिरी अशरा चल रहा है। प्रत्येक मुसलमान को चाहिए कि वो हर हाल में सदकतुल फितर समय रहते अदा करें तथा अगर जकात न दी हो तो उसे भी अपने नजदीक संबंधी जो गरीब हो उसे खामोशी के साथ अदा करें। जकात हर साहिबे माल का फर्ज है तथा सदके को भी हर हाल में अदा करें।
नमाज के बाद विश्व में शांति की दुआ की
जानसठ। संभावित अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्वक अदा की गई। इस दौरान मुस्लिम धर्म गुरुओं ने देश व विश्व में शांति के लिए दुआ कराई तथा सभी से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने का आह्वान किया गया। शुक्रवार को कस्बा व क्षेत्र में जुमे की नमाज कस्बे के जन्नताबाद मदरसा व तैय्यबा मदरसा, बेरियान आदि आधा दर्जन मस्जिदों में अदा की गई। इस दौरान जनत्ताबाद मदरसे में मौलाना नजीर अहमद कासमी व रंग महल मस्जिद में अमीर हैदर सुल्तानपुरी ने जुमे की नमाज अदा कराने के बाद देश तथा विश्व में अमन शांति के लिए दुआ कराई। शिया धर्मगुरु मौलाना अमीर हैदर ने बताया कि गुरुवार को ईद का चांद दिखाई दिया तो शुक्रवार को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। शुक्रवार को ईद का चांद दिखाई देता है तो शनिवार को ईद मनाई जाएगी और अलविदा जुमा की नमाज शुक्रवार को अदा की जाएगी।