भाजपा ने की पहल, दलितों से बढ़ाया संवाद
मुजफ्फरनगर। संघ के निर्देश के बाद भाजपा ने दलितों से सीधा संवाद बढ़ा दिया है। चौरासी खाप दलित समाज के चौधरियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष से वार्ता कर सिसौली में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उनकी प्रतिमा का अनावरण कराने की घोषणा की। उधर, सदर ब्लाक के गांव मखियाली में दलितों की बैठक में शहर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि विपक्षी पार्टियां चुनावी लाभ के लिए दलितों के बीच आक्रोश और भ्रम पैदा कर रही है। निर्दोषों के विरुद्ध उत्पीड़न की कोई कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी।
एससी-एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में हुए उपद्रव और हिंसा के बाद दलित आंदोलन को लेकर सियासी पार्टियों में घमासान मचा है। आरएसएस के वरिष्ठ नेताओं से मिले निर्देश के बाद भाजपाइयों ने दलितों के बीच स्नेह का माहौल बनाने की पहल प्रारंभ कर दी है। सिसौली में आंबेडकर जयंती पर बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम तय किया गया है। रविवार को भाजपा कार्यालय पर पार्टी जिलाध्यक्ष रुपेंद्र सैनी से दलित समाज के चौधरियों ने मुलाकात की। चौधरी रणपाल, सोरणदास, नरोत्तमदास, जम्मल सिंह आदि ने बताया कि 14 अप्रैल को सिसौली में सभा होगी। दलित आंदोलन में निर्दोषों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई नहीं होने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान डॉ देशबंधु तोमर, योगेश बालियान, संजय गर्ग, सुधीर खटीक, राजकुमार कालरा आदि मौजूद रहे। उधर, मखियाली गांव में ग्राम प्रधान संदीप कुमार के आवास पर दलितों की बैठक में विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि असामाजिक तत्व समाज को बांटना चाहते हैं। युवा भ्रमित न हो। केंद्र की भाजपा सरकार कोई आरक्षण खत्म नहीं कर रही है। विपक्षी पार्टियों भ्रम फैला कर सियासी लाभ उठाना चाहती है। निर्दोषों के खिलाफ उत्पीड़ऩ की कोई कार्रवाई प्रशासन नहीं करेगा। इस संबंध में डीएम और एसएसपी से वार्ता की गई है। युवा समाज को जोड़ने का काम करें। बाबा साहब की जयंती श्रद्धा और उल्लास से जिले भर में मनाई जाएगी। बैठक में सुनील शर्मा, राकेश बीडीसी, चतर सिंह ठेकेदार, अरविंद, पंकज, ओम सिंह, अमित, लीलानंद, राजवीर, बबलू आदि मौजूद रहे।