खतौली। तहसील में मंगलवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम और एसएसपी को शिकायतों को सुनने के लिए आना था। शहर में सोमवार को दलितों के प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा की वजह से दोनों अधिकारी व्यस्त होने की वजह से नहीं आ सके। इसलिए एसडीएम, तहसीलदार ने ही दिवस में शिकायतों को सुना। एसडीएम ने अधीनस्थ अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण करने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए। चेताया कि लंबित शिकायतों का निस्तारण समय पर नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कुल 35 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका।
शिविर में लोगों के स्वास्थ्य की जांच
खतौली। उत्तर प्रदेश सचिव आयुष विभाग के निर्देशानुसार आयुष चिकित्सा विधाओं को जन जन तक पहुंचाने के क्रम में तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर निशुल्क हौम्योपैथिक चिकित्सा शिविर लगाया गया। जिसमें जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि देवी कांबोज, वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. पीके शर्मा, डॉ. तनु त्यागी के द्वारा रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा निशुल्क दवाइयां वितरण की गई। शिविर में सलेख चंद जैन फार्मेस्सिट, वार्ड ब्वाय उमर खां एवं ओमपाल सिंह का योगदान रहा।