मुजफ्फरनगर। होली पर्व पर हुड़दंगियों के डर से एटीएम पर ताले पड़े रहेंगे। सुरक्षा-व्यवस्था और नुकसान से बचने के लिए बैंकों ने यह निर्णय लिया है। एटीएम बृहस्पतिवार रात्रि 12 बजे तक खुले रहेंगे, शुक्रवार को बंद रहेंगे।
होली के दिन हुड़दंग करने वाले युवक भी खूब सक्रिय रहते हैं। ऐसे में कालोनियों और रोड पर खुले एटीएम को ये नुकसान न पहुंचा दें, इसके चलते बैंकों ने एटीएम बंद रखने का निर्णय लिया है। बैंक अधिकारियों का कहना है कि एटीएम की मशीन पर पानी या रंग लगने से खराब हो सकती है। इसके चलते दुल्हेंडी के दिन एटीएम बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
पेट्रोल पंपों पर रही मारा-मारी
मुजफ्फरनगर। बृहस्पतिवार को पेट्रोल पंपों पर दुपहिया वाहनों में पेट्रोल डलवाने के लिए खूब मारा-मारी रही। पेट्रोल पंपों पर अधिकांश बाइक सवार युवा रहे। जिन्होंने ने दुल्हेंडी के दिन हुड़दंग करने के लिए पेट्रोल भरवाया। इसके अलावा होली के दिन पेट्रोल पंपों के बंद रहने के डर से आम नागरिकों ने भी पेट्रोल भरवाया है। दिनभर शहर के पेट्रोल पंपों पर नागरिकों, ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।