गन्ना क्रय केंद्र पर किसानों का हंगामा
मोरना। शुक्रताल में खाईखेड़ी उत्तम शुगर मिल के गन्ना केंद्रों पर तौल न कराए जाने और पर्चियों के वितरण में की जा रही धांधली से नाराज किसानों ने हंगामा किया। किसानों ने जोनल अधिकारी समेत कर्मचारियों को भी बंधक बनाया।
शुक्रताल स्थित एसडी पब्लिक स्कूल के सामने गन्ना क्रय केंद्र पर राष्ट्रवादी भाकियू के जिलाध्यक्ष उदेश सहरावत के नेतृत्व में किसानों ने हंगामा किया। किसानों का कहना था कि शुक्रताल में खाईखेड़ी शुगर मिल के छह गन्ना क्रय केंद्र है। आरोप था कि गन्ने की पर्चियां नहीं मिल रही है और केंद्रों पर घटतौली भी की जा रही है। मिल ने पांच गन्ना क्रय केंद्र बंद कर दिए हैं। नतीजतन किसानों का गन्ना खेतों में सूख रहा है। आक्रोशित किसानों ने जोनल अधिकारी मनोज त्यागी, फील्ड अफसर अंकित, अक्षय, मिल की टीम को बंधक बना कर अपने बीच में बैठा लिया तथा प्रत्येक प्रजाति के गन्ने की तौल कराए जाने की मांग की। इस दौरान जिला प्रभारी चंद्रपाल सिंह, नवीन सहरावत, इकबाल आर्य, किरण कौशिक, ईसा, आनंद वीर, फरमान, गुरविंदर, हरविंद्र, विनोद शर्मा, राजेश, अनवार, गंगा देई आदि मौजूद रहे।