मुजफ्फरनगर। परिवहन निगम ने होली पर्व पर कमाई के लिए कमर कस ली है। होली पर नॉन स्टाप बस दौड़ाने वाले चालक-परिचालक पर धनवर्षा होगी। 2100 किमी बस चलाने पर एक मुश्त 2100 रुपये तथा 2400 किमी तक संचालन करने 2800 रुपये का इनाम मिलेगा। यह राशि निगम और संविदा दोनों वर्ग के चालक-परिचालक को मिलेगी। उधर, होली के सीजन पर वर्कशॉप, संचालन में लगे कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक रहेगी।
इस वर्ष दो मार्च को होली पर्व मनाया जाएगा। होली से पूर्व यात्रियों को घरों की ओर लौटने का सिलसिला जारी होता है। जबकि त्यौहार मनाकर यात्री अपने काम के लिए अलग-अलग शहरों में रुख करते हैं। इससे रोडवेज पर दबाव बढ़ता है। इस बार यात्रियों की सुविधा और निगम का खजाना भरने के लिए पहले से ही तैयारियां की जा रही है। परिवहन निगम ने अधिक से अधिक बसों के संचालन पर जोर दिया है। 26 फरवरी से पांच मार्च तक नॉन स्टाप बस सेवा रहेगी। आठ दिनों तक बसों का बड़े पैमाने पर संचालन रखा गया है। अधिकांश बसों को दिल्ली से भेजकर पूर्वांचल, आगरा, कानपुर, अलीगढ़, गाजियाबाद, मथुरा आदि स्थानों के लिए विशेष सुविधाएं रहेंगी। इसके अलावा होली पर्व पर चालक-परिचालकों के लिए विशेष इनाम रखा गया है। 2100 किमी लगातार सात दिनों तक बस चलाने चालक-परिचालक को 2100 रुपये, 2400 किलोमीटर बस चलाने वाले चालक-परिचालक को एक मुश्त 2800 रुपये इनाम मिलेगा। वहीं, डिपो, वर्कशॉप और संचालन से जुड़े कर्मचारियों का 26 से पांच मार्च तक अवकाश प्रतिबंधित रहेगा। एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि होली के मद्देनजर चालक-परिचालकों के लिए प्रोत्साहन स्कीम जारी की गई है। जिसमें निर्धारित अवधि और समय में टारगेट पूरा करने वालों को इनाम मिलेगा।