बिजनौर। फिल्म अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी द्वारा की गई टिप्पणी के खिलाफ गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। कई संगठनों ने दोनों के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका।
विश्व हिंदू महासंघ कार्यकर्ताओं ने शास्त्री चौर पर सलमान खान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका। वक्ताओं ने कहा कि सलमान ने महर्षि वाल्मीकि के खिलाफ गलत शब्दों का प्रयोग किया है। इस अपमान को सहन नहीं किया जाएगा। महर्षि वाल्मीकि पूरे वाल्मीकि समाज के आराध्य हैं। इस दौरान मुकुल तोमर, लोकेंद्र सिंह, राजीव चौधरी, हेमराज शर्मा, जयप्रकाश धीमान, कृष्ण कुमार, डा.राजेंद्र सिंह सैनी, ललित कुमार आदि मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के सदस्यों ने नगर पालिका चौक पर सलमान खान और शिल्पा शेट्टी का पुतला फूंका। कुलदीप वाल्मीकि, हर्ष, प्रिंस, शिवम, कर्मवीर, अंकित, हनी आदि मौजूद रहे। दलित पिछड़ा वर्ग महासभा ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में देते हुए बताया कि सलमान खान व शिल्पा शेट्टी की टिप्पणी से वाल्मीकि समाज को मानसिक और धार्मिक आघात पहुंचा है। सलमान खान व शिल्पा शेट्टी पर एससी एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजने की मांग की गई। ऐसा न होने पर पूरे देश में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई। इस दौरान जिला प्रभारी संदीप राजवंश, संजीव कुमार, दीपक कुमार, अजीत कुमार, राजेंद्र सिंह, शिवम आदि मौजूद रहे।