बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। दूसरी बार नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीतकर आई बाला त्यागी ने अपने बोर्ड के सदस्यों के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव के निष्पक्षता और पारदर्शिता से विकास कार्य कराए जाएंगे।
नगर पंचायत बुढ़ाना के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ। कस्बे के एक बैंक्वेट हाल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित चेयरमैन बाला त्यागी को डीडीसी सियाराम मौर्य ने शपथ दिलवाई। बाला त्यागी वर्ष 1995 में भी अध्यक्ष बनी थीं। उसके बाद बाला त्यागी के पति जितेंद्र त्यागी 2000, 2012 में चुनाव जीतकर अध्यक्ष बने थे। ग्रहण समारोह में पहुंचे 17 में से 11 नवनिर्वाचित सदस्यों को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई। इस दौरान विधायक उमेश मलिक भी मौजूद रहे। तहसीलदार रतन वर्मा ने सफाई, विकास कार्यों की सराहना की। संचालन भाजपा के जिला मंत्री विनीत कात्यान ने किया।
शपथ ग्रहण में भाग नही लिया
बुढ़ाना। नगर पंचायत के नवनिर्वाचित छह सदस्यों ने मंगलवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भाग नहीं लिया। विपक्ष के छह सदस्य मुकेश शर्मा, राशिद अजीम, उमा शर्मा, शाहबुद्दीन उर्फ मुन्नन, मेहराज और अरुण कुमार शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंचे। इन सभी सदस्यों ने सोमवार को तहसीलदार को एक पत्र देकर शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने से मना किया था। नगर पंचायत अध्यक्षा बाला त्यागी ने बताया कि छह सदस्य शपथ ग्रहण समारोह में नहीं आए। जिस कारण वे शपथ नहीं ले सके। अपने समक्ष आने पर मै उनकी शपथ ग्रहण की कार्रवाई पूरी कराऊंगी।