ग्रामीण की मौत, शाहपुर के गांव हजूरनगर में बच्चों में था विवाद
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)।
गांव हजूरनगर में बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद दो पक्षों में कहासुनी हो गई। कहासुनी से सदमे में आए ग्रामीण की जान चली गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की, लेकिन परिजनों ने कार्रवाई से इंकार कर दिया।
शाहपुर के गांव हजूरनगर में यूसुफ और रहमत पक्ष के बच्चों में दो दिन पहले खेल-खेल में विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए थे। रविवार सुबह फिर से दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आने से जमकर कहासुनी हुई। विवाद के दौरान यूसुफ मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, मगर बात नहीं बन सकी। कहासुनी से आहत यूसुफ सदमे में आ गया। कुछ देर बाद उसकी हृदय गति रुकने से मृत्यु हो गई। उसकी मौत से परिजनों कोहराम मच गया। इस दौरान पुलिस भी सूचना पाकर मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। शाहपुर पुलिस ने आनन फानन में आला अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना पर सीओ बुढा़ना, शाहपुर व रतनपुरी पुलिस गांव में पहुंची।
केंद्र-प्रदेश सरकार बिना भेदभाव कर रही काम
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। कस्बे में समाजसेवी प्रदीप चौहान के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद डॉ संजीव बालियान ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार सभी वर्गों के लिए बिना भेदभाव के काम कर रही हैं। किसान, मजदूर, व्यापारी के अलावा समाज के सभी लोगों के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी दल व संगठन की रीढ़ उसके कार्यकर्ता होते है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी ने कहा कि कस्बे के विकास के लिए कार्य किए जाएंगे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य राजीव प्रताप सैनी, कपिल सैनी, डॉ कुलदीप चौहान, विजय चौधरी, प्रदीप पाल, उमंग जैन, आगम जैन , बंटी सिंघल, संजय मित्तल, रवि अरोड़ा, जतिन खन्ना आदि मौजूद रहे।