मोरना (मुजफ्फरनगर)। शुक्रताल में चल रहे विद्युत लाइन कार्य को वन विभाग के अधिकारियों ने बिना अनुमति के कार्य करने को बताकर रोक दिया। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से लाइन का कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
शुक्रताल में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नई विद्युत लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को शुक्रताल वन अधिकारी कार्यालय के समीप विद्युत लाइन को तैयार करने का कार्य चल रहा था। तभी मौके पर पहुंचे वन रेजंर सिंहराज सिंह पुंडीर, डिप्टी रेंजर खुर्शीद, वन रक्षक शबी हैदर, नत्थू सिंह, बिजेंद्र आदि की टीम ने कार्य को रुकवा दिया। वनाधिकारियों ने बताया कि ठेकेदार अथवा विद्युत निगम द्वारा वन विभाग को अनुमति पत्र नहीं दिखाया गया है। अनुमति पत्र दिखाने पर आगे की कार्रवाई की अनुमति प्रदान की जाएगी। लाईन डालने का कार्य कर रही सत्य सांई बिल्डर्स एंड कोंटेक्टर बरेली के ठेकेदार ने बताया कि अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र विभाग को दिया गया था। इस मामले को उलझता देख भाजपा नेता गोविंद शुक्ला, विनोद शर्मा चेयरमैन, राजेंद्र राणा, शरद वत्स, कष्ण शास्त्री, शिवकुमार, मोहित, मोनू, श्रवण, धर्मेंद्र शर्मा, सुरेंद्र आदि ने शीघ्र ही विद्युत लाईन कार्य को पुरा कर तीर्थ स्थल को 24 घंटे विद्युत सप्लाई करने की मांग की है।