जीआईसी में अब छात्राएं भी पढ़ेंगी
मुजफ्फरनगर। शासन ने राजकीय बालक इंटर कॉलेजों में को-एजूकेशन व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। सरकार की इस घोषणा के बाद स्थानीय राजकीय इंटर कॉलेज में भी छात्राएं पढ़ेंगी। जीआईसी के शताब्दी वर्ष में यह पहला अवसर होगा, जब इस कॉलेज में छात्राओं का प्रवेश होगा।
प्रदेश के राजकीय इंटर कॉलेजों में अभी तक ब्वॉज और गर्ल्स के अलग-अलग कॉलेज होते थे। जिले में राजकीय इंटर कॉलेज छात्रों के लिए था, जबकि छात्राओं के लिए राजकीय कन्या इंटर कॉलेज भैंसी और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सिसौली हैं। अब सूबे की योगी सरकार ने सभी राजकीय बालक इंटर कॉलेजों में सह शिक्षा व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। इसका शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। सरकार की इस घोषणा के बाद स्थानीय महावीर चौक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में भी को-एजूकेशन प्रणाली लागू हो गई है। अब इस कॉलेज में भी छात्राएं पढ़ेंगी।
कॉलेज की स्थापना 1917 में हुई थी। इस वर्ष कॉलेज अपना शताब्दी समारोह मना रहा था। बीते एक सौ साल से इस कॉलेज में छात्राएं नहीं पढ़ सकी थीं। अब कॉलेज खुलने के सौ साल बाद कॉलेज में छात्राएं भी शिक्षा ग्रहण करेंगी। जीआईसी के प्रधानाचार्य रमेशचंद्र शर्मा ने बताया कि राजकीय बालक इंटर कॉलेज में सह शिक्षा की व्यवस्था लागू करने का शासनादेश मिल गया है। कॉलेज में छात्राओं के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वर्तमान सत्र में छात्राएं कक्षा छह से लेकर कक्षा 12 तक किसी भी कक्षा में प्रवेश ले सकती हैं।