पदोन्नति में आरक्षण पा चुके शिक्षकों का विरोध
मुजफ्फरनगर। शिक्षा विभाग में पदोन्नति में आरक्षण और परिणामी ज्येष्ठता के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के बाद जारी शासनादेश का पालन नहीं करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम से कमेटी गठित करने की मांग की।
सोमवार को विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के बैनरतले कलक्ट्रेट पहुंचे शिक्षकों ने पदोन्नति में आरक्षण प्राप्त कर चुके शिक्षकों का वेतन फ्रीज करने की मांग की। शासनादेशों का अनुपालन नहीं होने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अवनीश राठी के नेतृत्व में डीएम जीएस प्रियदर्शी को दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि बेसिक शिक्षा विभाग में सातवें वेतन आयोग के वेतन निर्धारण में सर्वोच्च न्यायालय और शासनादेश की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। शासनादेशों का अनुपालन नहीं होने से जिले में प्रति माह 20 लाख के राजस्व की हानि हो रही है। शिक्षकों ने समिति का गठन कराकर शासनादेश के अनुसार सातवें वेतन मान का निर्धारण कराने और इसके बाद ही वेतन भुगतान कराने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों में पंकज त्यागी, संदीप वर्मा, संजय अग्रवाल, अजय गुप्ता, रामधन गुप्ता, कुलदीप, शिव कुमार, संजय गर्ग, विरेंद्र अग्रवाल, मुकेश, नरेश, गीता, रीता वर्मा, अभिलाषा, अनुराधा, वरुण आदि शामिल रहे।