प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नसीरपुर में रैली स्थल से ही 936 करोड़ की लागत की 21 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग भी शामिल है। इन सभी योजनाओं का पैसा जारी हो चुका है। इसी के साथ जिले में पूरी हो चुकी 85 करोड़ की 18 परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया।
नसीरपुर में रैली के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जिले में विकास को पंख लगाने का काम किया। नुमाइश ग्राउंड में आधुनिक ऑडिटोरियम और बाबू नारायण पॉलीटेक्निक बनाने की घोषणा के साथ ही उन्होंने जनपद में पूरी हो चुकी 18 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। ये परियोजनाएं 85 करोड़ की लागत से तैयार हुई हैं।
इनमें हिंडन नदी पर बने तीन पुल, काली नदी पर बना एक सेतु, गांधी कालोनी फाटक पर बना पुल, तीन गांवों में बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आदि शामिल हैं। इसके अलावा 936 करोड़ की लागत से पूरी होने वाली 21 परियोजनाओं को शिलान्यास भी किया। इनमें उत्तर प्रदेश राज्य राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बनाया जा रहा मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग का शिलान्यास।
नगर पालिका द्वारा बनवाई जा रही सरकुलर रोड की सड़क, बरला-बसेड़ा मार्ग के चौड़ीकरण, देवबंद ब्रांच डाउन पटरी मार्ग की मरम्मत, तितावी नहर की पटरी का कार्य, ग्राम रसूलपुर जाटान में पेयजल योजना, बघरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खतौली में ट्रामा सेंटर, दूधली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला महिला चिकित्सालय में 100 शैय्या का मैटरनिटी विंग भवन, सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय, खाइखेड़ा पेयजल योजना,
शहर में पूर्व क्षतिग्रस्त सीवर लाइन को बदलने एवं ग्रह संयोजन के कार्य, सरकुलर रोड पर पाइप लाइन बिछाने का कार्य, काली नदी के किनारे बाढ़ सुरक्षा योजना, रामराज खादर में गंगा नदी के दायें किनारे पर तटबंध का निर्माण कार्य, तीर्थ स्थल शुक्रताल में स्नान घाट के निर्माण का कार्य, मंसूरपुर में रेल ऊपरगामी सेतु निर्माण, काली नदी पर दो लेन सेतु एवं पहुंच मार्ग निर्माण, खतौली में साइकिल ट्रैक का निर्माण, बचन सिंह कालोनी में नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास शामिल रहा।