रोडवेज अड्डे में ही बस रोकने के आदेश
खतौली। रोडवेज डिपो में रालोद नेता व कार्यकर्ता एआरएम से मिले। एआरएम ने उनको बताया कि एसडीएम के आदेश पत्र पर सभी चालकों को रोडवेज बसों को जानसठ तिराहे पर नहीं खड़ी करने तथा रोडवेज बस अड्डे के अंदर ही सवारियों को चढ़ाने और उतारने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।
रालोद के नगराध्यक्ष वकील मंसूरी ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व तहसील में एसडीएम को एक ज्ञापन दिया गया था। ज्ञापन के माध्यम से एसडीएम को अवगत कराया गया था कि जानसठ तिराहे पर रोडवेज बसों को चालक खड़ी करके सवारियों को चढ़ाते हैं और उतारते हैं, जिससे वहां पर जाम लगा रहता है। रालोद ने एसडीएम से इस समस्या को दूर कराने की मांग की थी। इसी संबंध में सोमवार को रालोद नेता व कार्यकर्ता रोडवेज डिपो में एआरएम से मिले। एआरएम परवेज बशीर ने बताया कि 25 जनवरी को एसडीएम की ओर से डिपो को पत्र भेजा गया था। एसडीएम के पत्र के अनुपालन में सभी चालकों को आदेशित कर दिया गया है कि जानसठ तिराहे पर रोडवेज बसों को न रोका जाए। एआरएम से मिलने वालों में नगराध्यक्ष वकील मंसूरी, इंजीनियर उस्मान अहमद, विभू शर्मा, इकरामूददीन सैफी, अनुराग ठाकुर, इकबाल सैफी आदि मौजूद रहे।