साद अली खान पर अभद्रता को लेकर इमरान मसूद पर भड़की पठान बिरादरी
देवबंद (सहारनपुर)। पूर्व सांसद मंसूर अली खां के पुत्र साद अली खान के खिलाफ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद द्वारा अभद्र टिप्पणी करने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पठान बिरादरी में भारी रोष है। रविवार को पठान बिरादरी के लोगों ने इमरान मसूद का पुतला जलाकर अपने गुस्से का इजहार किया।
सांपला रोड स्थित पूर्व सपा नगराध्यक्ष तंजीम खान के प्रतिष्ठान पर एकत्र पठान बिरादरी के लोगों ने पूर्व विधायक इमरान मसूद का पुतला दहन किया। सपा नेता अब्दुल कादिर खान, तंजीम खान और असलम मुखिया खान ने कहा कि इमरान मसूद द्वारा साद अली खान के साथ गाली गलौज करना निंदनीय है। यह सिर्फ साद खान का नहीं बल्कि संपूर्ण पठान बिरादरी का अपमान है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इमरान मसूद इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी कर हिंदू मुस्लिमों को बांटने का काम कर चुके हैं। यह उनकी ओछी राजनीति है। उन्होंने कहा कि इमरान के विरोध में जल्द ही संपूर्ण जिले की पठान बिरादरी को एक साथ लेकर महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। वहीं, पठान बिरादरी ने इमरान मसूद के प्रत्येक चुनाव के बहिष्कार की घोषणा की। पुतला जलाने व विरोध प्रदर्शन करने वालों में रईस खां, शफीक खां, इरशाद खां, बखीर खां, शमीम खां, समीर खां आदि मौजूद रहे।