‘सरकार की नीतियों से किसान बर्बाद’
जानसठ। भाकियू कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार से दिल्ली तक किसान क्रांति पदयात्रा को सफल बनाने के लिए गांवों में बैठक की। राष्ट्रीय प्रवक्ता द्वारा गांव से किसान क्रांतिरथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ग्राम राठौर में योगेश बालियान के आवास पर भाकियू कार्यकर्ताओं की बैठक में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की दमनकारी नीतियों के चलते किसान बर्बाद हो रहा है। किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम नहीं मिलता। गन्ने का भुगतान भी शुगर मिलों से अभी तक नहीं कराया गया। किसानों के पुराने ट्रैक्टर रोड से बाहर करने, बिजली की लगातार बढ़ी दरें, पेट्रोल, डीजल के दाम आसमान को छूने लगे हैं। लेकिन किसान की तरफ सरकार नहीं देख रही है। जिसके चलते किसान कंगाली के कगार पर खड़ा है। उन्होंने किसानों से एकजुट होकर 23 सितंबर को हरिद्वार से शुरू होने वाली किसान क्रांति पदयात्रा जो दो अक्तूबर को किसान घाट दिल्ली पर पहुंचेगी। यात्रा में अधिक से अधिक किसानों को शामिल होने का आह्वान किया। दिल्ली में भाकियू अनिश्चितकालीन धरना देकर प्रदेश के किसानों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए आंदोलन करेगी। राष्ट्रीय प्रवक्ता द्वारा गांव से किसान क्रांति रथयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बैठक की अध्यक्षता अमरीक सिंह ने की। बैठक में प्रदेश सचिव सतीश रायल, तहसील अध्यक्ष अशोक घटायन, ब्लॉक अध्यक्ष विपिन मेहंदीयान, महकार सिंह, नवीन राजपूत, जगदीश प्रजापति, चुड़ियाला प्रधान आलोक गोयल, टीटू वालिया, मौसम अली आदि रहे।