हाइवे पर टैंकर पलटा, सड़क पर काला तेल फैला
खतौली। हाइवे पर बुधवार की सुबह तेज बारिश के दौरान अचानक चलते टैंकर का गुल्ला टूट गया, जिससे अनियंत्रित होकर काले तेल से भरा टैंकर सड़क पर पलट गया। काला तेल सड़क पर फैलने से फिसलन हो गई। नतीजतन कई बाइक सवार नीचे गिरकर चोटिल हो गए। इस दौरान जाम लग गया था। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर टैंकर को हटवाया, तब कहीं जाकर आधा घंटे बाद जाम खुला। पुलिस ने हादसे की आशंका को देखते मार्ग डायवर्ट कर दिया। शाम तक हाइवे पर वन वे यातायात निकलवाया गया।
बुधवार की सुबह करीब पांच बजे चालक राजपाल अपने टैंकर में मथुरा से काला तेल भरकर रुड़की लेकर जा रहा था। सुबह तेज बारिश पड़ रही थी। हाइवे पर भंगेला पेट्रोल पंप के सामने अचानक गुल्ला टूट गया, जिससे कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और चालक बाल बाल बचा। कैंटर का तमाम तेल सड़क पर फैल गया था। काफी दूर तक सड़क काली हो गई थी। इस दौरान काफी लंबा जाम लग गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन को मंगवाकर पलटे कैंटर को हटवाया। कैंटर को हटवाने में करीब आध घंटे का समय लगा। इसके बाद ही जाम खुल सका। सड़क पर फिसलन होने से कई बाइक सवार स्पीड तेज होने से फिसल कर गिर पड़े। बाइक सवार मामूली घायल हो गए। पुलिस ने हादसे की आशंका को देखते हुए मार्ग डायवर्ट कर दिया। पुलिस ने शाम तक हाइवे पर वन वे यातायात को निकलवाया। इस दौरान कई वाहन सवारों की पुलिस के साथ नोकझोंक तक हो गई थी।