सपाइयों ने गादला में अमरेश के परिजनों को दी सांत्वना
मुजफ्फरनगर। दो अप्रैल को भारत बंद के दौरान मरे दलित युवक अमरेश के परिजनों से मिलकर सपाइयों ने सांत्वना दी। पुलिस प्रशासन पर निर्दोषों का उत्पीड़न करने के आरोप लगाए और कहा कि सपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
शनिवार को सपा जिलाध्यक्ष गौरव स्वरूप के नेतृत्व में सपा नेता भोपा थाना क्षेत्र के गांव गादला पहुंचे। मृतक दलित युवक अमरेश के परिजनों से सपाइयों ने मुलाकात की और भरोसा दिया कि उनकी लड़ाई में पूरी सपा उनके साथ खड़ी है। अमरेश को न्याय दिलाने के लिए सपाई हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। अपनी नाकामी को छुपाने के लिए पुलिस प्रशासन निर्दोषों को जेल भेजकर गरीबों का उत्पीड़ऩ करने पर तुला है। सपा इसकी घोर निंदा करती है, जो कि लोग अराजकता फैला रहे थे, उन पर पुलिस अभी तक भी नहीं पहुंची। दलित प्रदर्शन को लेकर शासन प्रशासन राजनीतिक द्वेष की कार्यवाही कर रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पीड़ित परिजनों को भरोसा दिलाया कि वो पार्टी स्तर से भी आर्थिक मदद दिलाएंगे। इस दौरान सपा जिला महासचिव जिया चौधरी, चंदन सिंह चौहान, जगपाल सिंह गुर्जर प्रधान बरूकी, नरेश विश्वकर्मा, शहजाद राव, फैजल सिद्दीकी आदि सपा नेता मौजूद रहे। इससे पहले आज सवेरे महावीर चौक स्थित पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष गौरव स्वरूप ने मासिक बैठक बुलाई थी, लेकिन सवेरे ही सपा नेता और पूर्व दर्जा राज्यमंत्री मुकेश चौधरी के पिता करण सिंह की मृत्यु होने का समाचार मिलने पर इस मासिक बैठक को स्थगित कर दिया गया। दुखद समाचार के बाद ये मासिक बैठक शोक सभा में परिवर्तित कर दी गयी। शोकसभा में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।