मिल में सोते समय गार्ड की मौत
मंसूरपुर। मंसूरपुर डिस्टलरी में सोते समय गार्ड की मौत हो गई। गार्ड की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बाद में डिस्टलरी प्रशासन और गार्ड के परिजनों में समझौता हो गया। परिजनों की ओर से कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
मिल मंसूरपुर निवासी ओमपाल सिंह (65) पुत्र मित्रसेन मंसूरपुर डिस्टलरी में अस्थायी रूप से गार्ड के पद पर तैनात था। बुधवार रात उसने डिस्टलरी के दूसरे गार्ड रवि के साथ भोजन किया। भोजन करने के बाद रवि को पेट में दर्द हुआ तथा उसे उल्टियां हुई। दूसरे कमरे में जाकर देखा तो उसमें ओमपाल भी अचेत अवस्था में चारपाई पर लेटा हुआ था और उसके मुंह से झाग निकल रहे थे, जिसे तुरंत बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। रवि को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने बताया कि ओमपाल की मौत किसी जहरीली वस्तु के खाने से हुई है। रवि की हालत खतरे से बाहर है। मौत की वजह फूड प्वाइजनिंग अथवा खाने में कोई छिपकली आदि गिरने की संभावना जाहिर की गई है। डिस्टलरी प्रशासन और गार्ड के परिजनों के बीच समझौता हो गया। समझौता वार्ता में प्रधान प्रबंधक प्रीतम सिंह, भगत सिंह, ओमपाल सिंह, भूपेंद्र राठी, अमित राठी आदि शामिल रहे।